सरायपाली(जीतयादव)।शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बोंदा के प्रधान पाठक भोजराज पटेल के सेवानिवृत्त होने के उपलक्ष्य में उनके निवास ग्राम कुटेला में स्नेह मिलन एवं अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, शिक्षक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने भोजराज पटेल के शिक्षा क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
प्रधान पाठक भोजराज पटेल के 41 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने किया सम्मान।
भोजराज पटेल ने शिक्षा विभाग में 41 वर्ष 11 माह 3 दिन की लंबी और समर्पित सेवा देने के बाद सेवानिवृत्ति प्राप्त की। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने 1983 से 1986 तक शासकीय प्राथमिक शाला रुढ़ा, 1988-89 में शासकीय प्राथमिक शाला पड़कीपाली (पिथौरा), 1989 से 2000 तक शासकीय प्राथमिक शाला झिलमिला में सेवा दी। इसके बाद 2000 से 2008 तक संकुल समन्वयक, 2008 से 2012 तक सपोर्टिंग टीचर, 2012 से 2017 तक शासकीय उच्च प्राथमिक शाला बोंदा में पदस्थ रहे।
वर्ष 2017 से 2023 तक विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सरायपाली के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वर्ष 2023 से अब तक वे शासकीय उच्च प्राथमिक शाला बोंदा में प्रधान पाठक के रूप में कार्यरत रहे।
![]()
समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भोजराज पटेल ने अपने सेवाकाल में अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में पढ़े अनेक छात्र आज विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर रहे हैं। इस अवसर पर उनका पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
![]()
कार्यक्रम में अनिल पटेल, नेहरू लाल चौधरी, खेमराज पटेल, राजेंद्र नायक, काशीराम चौधरी, पूर्व विधायक त्रिलोचन पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, डीएमसी रेखराज शर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल, बीआरसी देवानंद नायक, किशोर रथ सहित पेंशनर्स संघ के सदस्य, शिक्षकगण, परिवारजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजाराम पटेल ने किया, जबकि अंत में भोजराज पटेल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।



