महासमुंद(जीतयादव)।सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत एनएच-353 से साराडीह तक सड़क निर्माण के लिए राज्य शासन ने 9 करोड़ 26 लाख 15 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। करीब 5.025 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा की पहल से साराडीह मार्ग 5.02 किमी सड़क बनेगी, क्षेत्र में आवागमन होगा आसान।
यह स्वीकृति महासमुंद विधायक Yogeshwar Raju Sinha की पहल और जिला प्रशासन के प्रयासों से संभव हुई है। सड़क निर्माण कार्य निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य शुरू करने से पहले तकनीकी स्वीकृति, ड्रॉइंग-डिजाइन का अनुमोदन और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। विभाग द्वारा निविदा प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी करने की तैयारी की जा रही है, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके और गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जा सके।

इस सड़क के बनने से साराडीह और बरोंडा क्षेत्र सहित आसपास के गांवों के लोगों को महासमुंद आने-जाने में काफी राहत मिलेगी। यात्रा समय कम होगा और किसानों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में अन्य सड़कों की स्वीकृति भी सुनिश्चित की जाएगी।




