सांकरा(जीतयादव)। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सांकरा पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 25 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है।
सांकरा थाना अंतर्गत चेरीडीपा सावित्रीपुर में घर के बाड़ी से बरामद हुई शराब, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज।
जिला पुलिस महासमुंद द्वारा अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सांकरा पुलिस ने ग्राम चेरीडीपा सावित्रीपुर में दबिश देकर अवैध शराब के कारोबार का खुलासा किया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम चेरीडीपा सावित्रीपुर निवासी मनोज लहरी अपने घर के बाड़ी में अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां आरोपी के कब्जे से 25 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 5 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी मनोज लहरी (32 वर्ष) पिता मनसाय लहरे निवासी ग्राम चेरीडीपा सावित्रीपुर, थाना सांकरा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना सांकरा में अपराध क्रमांक 116/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


