महासमुंद। स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत SAANS (Social Awareness and Action to Neutralize Pneumonia Successfully) विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण दो बैचों में 06-07 एवं 08-09 अक्टूबर 2025 को जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, महासमुंद के सभागार में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान मास्टर ट्रेनर शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद एवं डॉ. कुणाल नायक ने प्रतिभागियों को निमोनिया की शीघ्र पहचान, उपचार की प्रक्रिया, ऑक्सीजन थेरेपी, जीवनरक्षक तकनीक, तथा समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के उपायों पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण में जिले के सभी चिकित्सक, मेडिकल ऑफिसर, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) एवं स्टाफ नर्स बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव ने अपने संबोधन में कहा कि SAANS कार्यक्रम से पाँच वर्ष से कम आयु के बच्चों में निमोनिया से मृत्यु दर कम करने में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य कर्मी इस दिशा में प्रभावी रूप से कार्य करें, ताकि हम अपने लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त कर सकें।
समापन सत्र के दौरान सीएमएचओ डॉ. आई. नागेश्वर राव एवं डीपीएम नीलू घृतलहरे द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रशिक्षण के सफल आयोजन में जिला स्वास्थ्य समिति महासमुंद की टीम, विशेष रूप से आजू वर्मा (DTC), देविका साहू (प्रशिक्षक) और अन्य डॉक्टरों का सराहनीय योगदान रहा।


