सरायपाली। विकासखंड सरायपाली के संकुल सिंघोड़ा अंतर्गत शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के लिए छात्र सम्मान एवं विदाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया और कक्षा आठवीं के छात्रों को भावभीनी विदाई दी गई।
रिमजी विद्यालय में कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों को विदाई, उत्कृष्ट छात्रों को मेडल और प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों में नेतृत्व, लोकप्रियता और सहभागिता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गोपनीय मतदान (सीक्रेट वोटिंग) के माध्यम से मिस फेवरेट और मिस्टर फेवरेट का चुनाव कराया गया। कक्षा छठवीं और सातवीं के विद्यार्थियों ने मिलकर कक्षा आठवीं के लिए मतदान किया, जबकि कक्षा सातवीं और आठवीं के विद्यार्थियों ने मिलकर कक्षा छठवीं के लिए मतदान किया। चयनित विद्यार्थियों को सील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

मतदान के परिणामों में कक्षा छठवीं से सेजल बारिक को मिस फेवरेट और नरोत्तम बाघ को मिस्टर फेवरेट चुना गया। वहीं कक्षा आठवीं से लक्ष्मी भोई को मिस फेवरेट और सुशील बाघ को मिस्टर फेवरेट का खिताब मिला। इसके अलावा सभी शिक्षकों की संयुक्त सहमति से “स्टूडेंट ऑफ द ईयर” का सम्मान मुस्कान चौहान को प्रदान किया गया।
रिमजी विद्यालय के प्रभारी प्रधान पाठक ओमप्रकाश साव तथा शिक्षक कमल नारायण भोई, डोलामणि चौहान और रामेश्वर प्रसाद पटेल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया।

सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में जतिन पटेल (सहयोगी छात्र), शिव सोनवानी (खेल प्रतिभा), सेजल बारिक (स्वच्छता दूत), अमन नायक (सुलेख शिरोमणि), जिगर मिश्रा (अनुशासन), देवेंद्र भोई (सृजनशील छात्र), नीतू चौहान (नियमित उपस्थिति), सतीश तांडी (मेधावी छात्र), मुस्कान चौहान (आदर्श छात्र), स्मृति प्रधान (उत्कृष्ट सम्मान), लक्ष्मीबाई (ज्ञान रत्न), खुशी मिश्रा (उत्साही छात्र), पियूष बारिक (ज्ञान खोजी छात्र) और रोहन चौहान (नृत्य कौशल) शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान समिति सदस्यों और शिक्षकों ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, रचनात्मकता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ शिक्षक रामेश्वर प्रसाद पटेल और डोलामणि चौहान ने कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन देते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



