सरायपाली(जीतयादव)। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी में विज्ञान दिवस पखवाड़ा के समापन पर भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विज्ञान के विविध विषयों पर आधारित आकर्षक वर्किंग मॉडल, त्रिआयामी (3D) मॉडल और प्रयोगात्मक प्रस्तुतियाँ प्रदर्शित कीं।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर वर्किंग और 3D मॉडलों ने खींचा ध्यान, ‘उत्प्लावन बल’ मॉडल रहा प्रथम।
कार्यक्रम विकासखंड शिक्षा अधिकारी टीकमचंद पटेल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी.एन. दीवान, संकुल स्त्रोत केंद्र समन्वयक देवानंद नायक तथा संकुल प्राचार्य पी.के. ग्वाल एवं व्याख्याता डॉ. गेसमोती पटेल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक समझ, रचनात्मक सोच और तार्किक क्षमता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। अतिथियों ने छात्रों के आत्मविश्वास और प्रस्तुतीकरण शैली की सराहना की। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के प्रधान पाठक ओमप्रकाश साव के नेतृत्व में शिक्षक कमल नारायण भोई, डोलामणि चौहान और उच्च वर्ग शिक्षक रामेश्वर प्रसाद पटेल के सहयोग से हुआ।

निर्णायकों द्वारा प्रत्येक मॉडल का वैज्ञानिक आधार, उपयोगिता, नवाचार और प्रस्तुतीकरण के आधार पर मूल्यांकन किया गया। प्रतियोगिता में कुमारी लक्ष्मी भोई ने “उत्प्लावन बल” विषय पर उत्कृष्ट प्रयोग प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान देवती प्रधान को “वायुमंडल की विभिन्न परतें” मॉडल के लिए मिला, जबकि तृतीय स्थान जिगर मिश्रा ने “बॉडी स्प्रे और विज्ञान” विषय पर रोचक प्रस्तुति देकर हासिल किया। विजेताओं को मोमेंटो, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बांझापाली हाई स्कूल सहित सिंघोड़ा संकुल के अनेक शिक्षक, समन्वयक एवं शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया।
विद्यालय परिवार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा और प्रयोगधर्मिता की भावना विकसित करना है। अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।




