सरायपाली(जीतयादव)। जलगढ़ में इन दिनों श्रद्धा और भक्ति का अनोखा माहौल देखने को मिल रहा है। यहां श्री राधा-कृष्ण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीणजन शामिल हो रहे हैं। पूरा गांव धार्मिक उत्सव के रंग में रंगा नजर आ रहा है और हर ओर भक्ति का वातावरण बना हुआ है।
श्री राधा-कृष्ण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में मीना बाजार, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अष्ट प्रहर नाम यज्ञ से भक्तिमय हुआ पूरा क्षेत्र।
महोत्सव के दौरान कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आकर्षक मीना बाजार लोगों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है, जहां झूले, मनोरंजन के साधन और विभिन्न दुकानों की सजावट लोगों को आकर्षित कर रही है। वहीं कंस दरबार का मंचन दर्शकों को पौराणिक कथाओं से जोड़ते हुए मनोरंजन के साथ धार्मिक संदेश भी दे रहा है।

ग्रामीण संस्कृति की झलक दिखाते हुए कुम्हारी और जटला के पारंपरिक नाटक भी प्रस्तुत किए जा रहे हैं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। इसके अलावा दंड नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया है। आयोजन के दौरान अष्ट प्रहर नाम यज्ञ का भी आयोजन किया गया है, जिसमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
![]()
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जहां सभी भक्तजन प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। श्री राधा-कृष्ण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा आयोजन सेवा, श्रद्धा और सामूहिक सहयोग का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।
![]()
महोत्सव का समापन 27 मार्च को मूर्ति और कलश स्थापना कार्यक्रम के साथ होगा। इस अवसर पर मुख्य पुरोहित पंडित सव्यसाची मिश्रा और कुल पुरोहित पंडित गणेश कर द्वारा विधि-विधान से भगवान श्री राधा-कृष्ण की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।



