महासमुंद(जीतयादव)।अमानत में खयानत के एक मामले में कोमाखान पुलिस ने ट्रक चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपियों ने रायपुर से झारखंड के चाईबासा जा रहे ट्रक में लोड दाल और शक्कर के सामान को रास्ते में ही गायब कर दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से लगभग 36 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।
ट्रक चालक और परिचालक ने माल छिपाकर किया गबन, पुलिस ने 36.50 लाख की संपत्ति जब्त की।
पुलिस के अनुसार गौतम चंद सेठिया (62 वर्ष) निवासी गुढ़ियारी रायपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 मार्च 2026 को करीब 30 मीट्रिक टन दाल और शक्कर, जिसकी कीमत लगभग 16.50 लाख रुपये थी, उसे मां लक्ष्मी ट्रांसपोर्ट के ट्रक क्रमांक सीजी 04 एमई 8671 में लोड कर झारखंड के चाईबासा भेजा गया था। ट्रक को चालक झनक नायक और परिचालक संतोष आदिवासी के माध्यम से रवाना किया गया था, लेकिन तय समय पर माल गंतव्य तक नहीं पहुंचा और दोनों के मोबाइल भी बंद हो गए।
जांच में पता चला कि आरोपियों ने ट्रक को ग्राम सिघोड़ा के पास खाली खड़ा कर दिया और उसमें लोड दाल-शक्कर को ग्राम पटपरपाली (एनएच-353) स्थित एक मकान में छिपा दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 32/2026 के तहत धारा 316(3) और 61(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश कर 16 मार्च 2026 को उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने माल छिपाने की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने छिपाए गए स्थान से 420 बोरी शक्कर सहित विभिन्न प्रकार की दालें बरामद कर लीं। जब्त किए गए माल में राहर, मसूर, मूंग, काबुली चना, राजमा, उड़द और तुअर दाल सहित अन्य खाद्य सामग्री शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से माल से भरा ट्रक समेत कुल 36.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।



