महासमुंद(जीतयादव)।जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा लंबे समय से फरार वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु एक विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान दिनांक 09 फरवरी 2026 से 11 फरवरी 2026 तक कुल तीन दिवस तक पूरे जिले में संचालित किया गया, जिसमें पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
तीन दिवसीय विशेष अभियान में जिलेभर में चली पुलिस का बड़ा धरपकड़ अभियान।
विशेष अभियान के तहत जिलेभर में 21 स्थायी फरारी वारंटी एवं 64 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 85 वारंटियों को गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालयों में प्रस्तुत किया गया। इन वारंटों में स्थानीय न्यायालयों के साथ-साथ अन्य जिलों से प्राप्त वारंट भी शामिल थे।

तामील किए गए स्थायी वारंटों में एनआई एक्ट के 09, सड़क दुर्घटना के 03, चोरी के 02, एनडीपीएस एक्ट का 01, आबकारी एक्ट के 03, बलात्कार का 01 तथा अन्य गाली-गलौच व मारपीट के 02 प्रकरण शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि इनमें से एक स्थायी वारंटी वर्ष 2014 से लगभग 10 वर्षों से फरार था, जो लगातार पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था।

अनुविभागवार आंकड़ों के अनुसार महासमुंद अनुविभाग में कुल 13 वारंट, पिथौरा अनुविभाग में 15 वारंट, बागबाहरा अनुविभाग में 22 वारंट तथा सरायपाली अनुविभाग में सर्वाधिक 35 वारंट की तामीली की गई।सरायपाली क्षेत्र अंतर्गत थाना बसना, सरायपाली एवं सिंघोड़ा में विशेष दबिश देकर कई वर्षों से फरार आरोपियों को पकड़ा गया, जिससे पुलिस प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है।
जिला अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि अपराधियों में कानून का भय बना रहे और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।




