बसना(जीतयादव)। पीएम श्री सेजेस बसना में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया 10 अप्रैल 2026 से शुरू की जाएगी। इस संबंध में विद्यालय के प्राचार्य कार्यालय द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अभिभावकों और विद्यार्थियों को जानकारी दी गई है।
नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से 5 मई तक कर सकेंगे आवेदन।
जारी सूचना के अनुसार Directorate of Public Instruction Chhattisgarh के निर्देशानुसार नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित तिथि से प्रारंभ की जा रही है। विद्यालय में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राएं ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकेंगे।

विद्यालय प्रशासन के मुताबिक आवेदन प्रक्रिया 10 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 05 मई 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। वहीं, ऑफलाइन आवेदन करने वाले विद्यार्थी या उनके अभिभावक कार्यालयीन समय में पीएम श्री सेजेस बसना के विद्यालय कार्यालय में पहुंचकर आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं।

प्राचार्य कार्यालय ने बताया कि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार के आवेदन की अंतिम तिथि 05 मई 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। आवेदन प्राप्त होने के बाद सीट आवंटन, चयन सूची और प्रवेश से जुड़ी अन्य प्रक्रिया 15 मई 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।

विद्यालय प्राचार्य ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों के प्रवेश के लिए अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से बेहतर शिक्षा वातावरण प्रदान किया जाता है, जिससे उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।



