सरायपाली(जीतयादव)। “परीक्षा पे चर्चा 2026” कार्यक्रम का छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार तथा विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और समग्र विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखंड सरायपाली के विभिन्न विद्यालयों में व्यापक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा विगत 9 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से मुक्त कर, उन्हें उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
“परीक्षा पे चर्चा ” कार्यक्रम 20 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने देखा प्रधानमंत्री से सीधा संवाद।
मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिनांक 6 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे से दूरदर्शन, रेडियो, पीएम विद्या चैनल, सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल प्लेटफार्मों के माध्यम से किया गया। विकासखंड सरायपाली के स्कूलों में इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इस कार्यक्रम से जुड़ सकें।

इस अवसर पर विकासखंड के कुल 169 विद्यालयों में लगभग 20,504 विद्यार्थियों, 679 जनप्रतिनिधियों, 714 शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्यों तथा 1,258 शिक्षकों ने सामूहिक रूप से इस प्रसारण को देखा और सुना। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जी ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए परीक्षा को जीवन का एक सामान्य हिस्सा बताते हुए कहा कि घबराने की बजाय इसे सीखने और आगे बढ़ने का अवसर समझना चाहिए।

प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए संदेश से विद्यार्थियों में न केवल आत्मविश्वास बढ़ा, बल्कि उन्होंने समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन, योग-ध्यान और संतुलित जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा भी ली। शिक्षकों और पालकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों को मानसिक रूप से मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
कुल मिलाकर विकासखंड सरायपाली में आयोजित “परीक्षा पे चर्चा 2026” विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव रहा, जिसने परीक्षा को भय नहीं बल्कि उत्सव के रूप में देखने की नई सोच विकसित की।




