महासमुंद(जीत यादव)। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 अंतर्गत कृषक उन्नति योजना के तहत सातवें दिन तक 182 उपार्जन केंद्रों में से 123 केंद्रों पर धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। अब तक जिले में कुल 1 लाख 44 हजार 506.80 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिन केंद्रों में धान खरीदी शुरू नहीं हुई थी, उनमें तैयारी पूर्ण कर दी गई है। प्रशासन का दावा है कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बारदाना, तौल प्रक्रिया और टोकन सिस्टम में सुधार किया गया है।

किसान भी उत्साहपूर्वक धान बेचने पहुंच रहे हैं। बेमचा समिति में धान बेचने आए किसान प्रहलाद चंद्राकर और देवेन्द्र साहू ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों को भरोसा मिला है कि उनका धान उचित मूल्य पर सुरक्षित खरीदा जाएगा।उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों की व्यवस्था पूर्व वर्षों की तुलना में अधिक बेहतर और पारदर्शी है। वहीं किसान प्रहलाद ने बताया कि ‘टोकन तुहर हाथ’ मोबाइल ऐप से घर बैठे ही टोकन कट रहा है, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है।

उन्होंने बताया कि उन्होंने आज 550 कट्टा धान लेकर आए हैं और तौलाई व्यवस्थित तरीके से हो रही है। वहीं किसान देवेंद्र साहू ने बताया कि उनके पास 25 एकड़ जमीन है और वे आज लगभग 60 क्विंटल धान बेचने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा— “धान खरीदी हमारे लिए त्योहार जैसा अवसर है। बिना परेशानी के धान बिक जाए तो इससे बड़ी खुशी नहीं।”अब तक बेमचा समिति में 34 किसानों ने धान बेचा है। यहां 5 पंचायतों के 12 गांवों के किसान पहुंचते हैं।




