सांकरा(जीतयादव)।सांकरा ब्लॉक में धान खरीदी की तिथि बढ़ाने और मनरेगा को बचाने की मांग को लेकर कांग्रेस ने जोरदार आंदोलन किया। प्रदेश कांग्रेस के आदेश एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सांकरा के नेतृत्व में हाईवे पर चक्का जाम कर धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीणजन शामिल हुए।
धान खरीदी की समय-सीमा कम होने से हजारों किसान परेशान-मोक्ष कुमार प्रधान।
कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस ब्लॉक भवन में बैठक से हुई, जहां किसानों और मजदूरों की समस्याओं पर चर्चा की गई। इसके बाद सभी कार्यकर्ता हाईवे पर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि धान खरीदी की समय-सीमा कम होने से हजारों किसान अपना धान बेचने से वंचित रह गए हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

धरना-प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेता मोक्ष कुमार प्रधान प्रमुख रूप से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियां किसान विरोधी हैं। धान खरीदी की तिथि बढ़ाना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार इस ओर गंभीर नहीं है। साथ ही उन्होंने मनरेगा को कमजोर किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण गरीबों के लिए जीवन रेखा है, जिसे खत्म करने की साजिश की जा रही है।

मोक्ष कुमार प्रधान ने मांग की कि खरीदी की तिथि तत्काल बढ़ाई जाए और मनरेगा के तहत मजदूरों को अधिक दिनों तक काम दिया जाए, ताकि उन्हें रोजगार मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।

धरना-प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष मधुसुदन साहू, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रवि कश्यप, हेमंत कौशिक, विनोद मेहेर, सुनील भोई, प्रशांत पंडा, संतोष पटेल, ऋतिक साहू, राजेश सिदार, कुंजलाल जगत, उमाकांत प्रधान, बीरेंद्र सागर, पूर्णिमा चौहान, मेम बाई नेताम, बीरेंद्र प्रधान, लेकरू नंद, निर्मल प्रधान, चंपक चौहान, सतपथ सिदार, प्रवीण प्रधान, चंद्रमणि सिदार, दूरपत ब्यास, देवेश गहीर सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में किसानों और मजदूरों के हक में संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।




