बसना(जीतयादव)। स्वाधीनता आंदोलन के महानायक, आज़ाद हिन्द फौज के संस्थापक और अदम्य साहस के प्रतीक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर मॉडर्न पब्लिक स्कूल, बसना द्वारा एक गरिमामय श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हाई स्कूल रोड स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थल पर श्रद्धा, अनुशासन और देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध और देशसेवा की भावना को सुदृढ़ करना रहा।
नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण, विद्यार्थियों व जनप्रतिनिधियों ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। उपस्थित अतिथियों ने नेताजी के साहसिक जीवन, त्याग, अनुशासन और उनके ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती खुशबू अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्री शीत गुप्ता, विद्यालय प्रबंधक श्री मनोज कुमार पटेल एवं प्राचार्य श्री सुमंत कुमार आचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि नेताजी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में मार्गदर्शक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, निष्ठा और देशहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पार्षद श्री महेन्दर सिंह अरोरा (पिंटू), श्री राकेश कुमार डडसेना, श्री डेनियल पीटर एवं मंडल अध्यक्ष बसना श्री नरेन्द्र यादव की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही समाज के विभिन्न वर्गों से आए गणमान्य नागरिकों दीपक शर्मा, अमृत चौधरी, राजू साईं, हेमप्रकाश साव, ललित कुमार पटेल और लक्ष्मी प्रसाद पटेल ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
मॉडर्न पब्लिक स्कूल के शिक्षकगण — श्री चिनमय पाणिग्रही, श्री गजेन्द्र कुमार साहू, श्री मधुसूदन मुड़चूलिया, श्री बापीना साहू, श्री अमृत ठाकुर, श्रीमती यशोवंती मिश्रा और अश्का बेगम — तथा विद्यालय के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की। विद्यार्थियों ने देशभक्ति नारों के माध्यम से नेताजी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान नेताजी के प्रेरणादायी विचारों और उनके अमर संदेश “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूँगा” को स्मरण करते हुए सभी उपस्थितजनों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा हेतु सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।
अंत में “जय हिन्द”, “नेताजी अमर रहें” और “भारत माता की जय” के गगनभेदी नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



