बसना(जीतयादव)। पीएम श्री सेजेस बसना के प्राथमिक विभाग में 14 फरवरी को मातृ-पितृ दिवस अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की प्राचार्य सुश्री गिरिजा साहू के मार्गदर्शन में किया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था तथा विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में पालकों की उपस्थिति से कार्यक्रम पारिवारिक एवं भावनात्मक स्वरूप में परिवर्तित हो गया।
मातृ-पितृ दिवस में छात्रों ने गीत, नाटक और कविताओं से माता-पिता के प्रति व्यक्त की श्रद्धा।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुई। स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य सुश्री गिरिजा साहू ने कहा कि माता-पिता ही जीवन के प्रथम गुरु होते हैं, जो हमारे व्यक्तित्व, चरित्र एवं संस्कारों का निर्माण करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन माता-पिता का आशीर्वाद लेने एवं उनका सम्मान करने का संकल्प दिलाया।

नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा मातृ-पितृ भक्ति पर आधारित गीत, कविताएं, लघुनाटिका एवं भाषण प्रस्तुत किए गए। कुछ विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया, जिससे वातावरण अत्यंत भावुक एवं प्रेरणादायक बन गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि माता-पिता का त्याग, परिश्रम और समर्पण ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
कार्यक्रम में धार्मिक एवं सांस्कृतिक संदर्भ देते हुए भगवान श्री राम के आदर्श पुत्र धर्म का उल्लेख किया गया तथा श्रवण कुमार की कथा सुनाकर मातृ-पितृ सेवा की महिमा समझाई गई। साथ ही देव ऋण, ऋषि ऋण एवं पितृ ऋण की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि माता-पिता का ऋण सेवा, सम्मान एवं सदाचारपूर्ण जीवन से ही चुकाया जा सकता है।

इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व प्राचार्य श्री के. के. पुरोहित ने रामायण के प्रसंगों के माध्यम से पारिवारिक मूल्यों, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा पर प्रेरणादायक विचार रखे। उन्होंने कहा कि परिवार समाज की आधारशिला है, और जब परिवार मजबूत होगा तभी राष्ट्र सशक्त बनेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधान पाठक एच. आर. साव, अर्पणा सोना, गिरजा वैष्णव, कमला पटेल, सुनील पटेल, मुकेश साहू, योगेश बढ़ाई, नवीन साव एवं श्रुति सामल सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।अंत में प्रधान पाठक एच. आर. साव द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। उन्होंने उपस्थित पालकों एवं विद्यालय परिवार का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में संस्कार, कर्तव्यबोध एवं पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में अत्यंत सहायक होते हैं।
इस प्रकार पीएम श्री सेजेस बसना में आयोजित मातृ-पितृ दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन में नैतिकता, संस्कार और पारिवारिक सम्मान का सशक्त संदेश देने वाला प्रेरणादायी आयोजन सिद्ध हुआ।




