महासमुंद(जीतयादव)।अवैध महुआ शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सरायपाली और चौकी भंवरपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर छापेमारी की और अवैध महुआ शराब बनाने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
सरायपाली और भंवरपुर क्षेत्र में पुलिस की छापेमारी, 115 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त।
पुलिस कार्रवाई के दौरान ग्राम नूनपानी और बुंदेलाभाटा से कुल 115 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 23 हजार रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही शराब बनाने में उपयोग किए जाने वाले बर्तन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
थाना सरायपाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुमित्रा भारती (51 वर्ष) और दीपक रात्रे (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 100 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद की गई। साथ ही मौके पर मौजूद करीब 600 किलो महुआ लाहन को भी नष्ट किया गया।
वहीं चौकी भंवरपुर पुलिस ने मनोज जांगड़े (27 वर्ष) निवासी बुंदेलाभाटा को गिरफ्तार कर उसके पास से 15 लीटर शराब जब्त की। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार जिले में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक 4558.151 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी कुल कीमत लगभग 11 लाख 47 हजार 735 रुपये है। इसके अलावा अब तक 342 मामलों में 393 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



