सरायपाली(जीतयादव)।अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना बलौदा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 40 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हरीबनपुर-बलौदा मार्ग पर नाकाबंदी कर महुआ शराब व बाइक समेत 33 हजार की संपत्ति जब्त।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरीबनपुर से बलौदा जाने वाले कच्चे मार्ग पर कुछ लोग वाहन से अवैध शराब परिवहन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। जांच के दौरान वाहन चालक ने अपना नाम कमलेश प्रधान (25 वर्ष) एवं टेकचंद साहू (25 वर्ष) निवासी ग्राम अरतुन्डा, थाना बलौदा, जिला महासमुंद बताया।
![]()
वाहन की तलाशी लेने पर 8 प्लास्टिक थैलों में भरी कुल 40 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 8 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सुपर स्प्लेंडर (क्रमांक CG06 GN 6871) को भी जब्त किया गया। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 33 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस ने बताया कि अभियान के तहत अब तक जिले में 460 प्रकरणों में 517 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है और कुल 5942.090 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है।



