रायपुर(जीतयादव)। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राज्य की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 68.49 लाख माताओं और बहनों के बैंक खातों में कुल 641.5 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश की माताओं और बहनों को बड़ी सौगात दी है। इस दौरान राज्य के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 68.49 लाख माताओं-बहनों के खातों में 641.5 करोड़ रुपये की राशि की अंतरित।
राज्य सरकार की इस योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को हर माह आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे वे अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बन सकें। महिला दिवस के अवसर पर किस्त जारी होने से प्रदेश की महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहयोग देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाना और उन्हें सम्मानजनक जीवन देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

वहीं वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि इस योजना से प्रदेश की लाखों महिलाओं को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा हर माह महिलाओं के खातों में राशि भेजी जा रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है और वे अपने परिवार के छोटे-मोटे खर्चों में सहयोग कर पा रही हैं।

महिला दिवस के अवसर पर किस्त जारी होने से प्रदेशभर की महिलाओं ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है। कई महिलाओं ने कहा कि इस योजना से उन्हें आर्थिक सहारा मिल रहा है और वे पहले से अधिक आत्मनिर्भर महसूस कर रही हैं।
राज्य सरकार का मानना है कि महतारी वंदन योजना जैसी योजनाएं महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।



