रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज महतारी वंदन योजना की 19वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर प्रदेश की 69,15,994 महिलाओं के बैंक खातों में प्रतिमाह मिलने वाली 1000-1000 रुपये की सहायता राशि सीधे अंतरित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और उन्होंने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
महतारी वंदन योजना की 19वीं किस्त 69 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में सीधे भेजी गई 1000 रुपये की राशि।
महतारी वंदन योजना के तहत अब तक हितग्राहियों को कुल 12,376.19 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है। यह योजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहलों में से एक है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। प्रतिमाह मिलने वाली इस सहायता से महिलाओं को घरेलू जरूरतों की पूर्ति, बच्चों की शिक्षा तथा स्वास्थ्य संबंधी खर्चों में सहयोग मिल रहा है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं। सभी जनप्रतिनिधियों ने योजना की सफलता पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के आत्मसम्मान को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहयोग से महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की आर्थिक मजबूती में उनकी भूमिका और अधिक सशक्त हो रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि सरकार भविष्य में भी जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देती रहेगी, ताकि समाज के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंच सके।



