बसना(जीतयादव)।महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर नगर बसना में इस वर्ष भी भक्ति, आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। आदियोगी मंदिर समिति के तत्वावधान में 15 फरवरी को भोले बाबा की भव्य बारात एवं शिव-पार्वती विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन समिति द्वारा लगातार चौथे वर्ष किया जा रहा है, जो अब बसना क्षेत्र का एक ऐतिहासिक और बहुप्रतीक्षित धार्मिक उत्सव बन चुका है।
14 फरवरी को महाशिवरात्रि पर तेल-हल्दी अनुष्ठान, 15 फरवरी को सिद्धेश्वर मंदिर से निकलेगी शिव बारात।
समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत 14 फरवरी को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भोले बाबा के तेल-हल्दी अनुष्ठान से होगी। इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 10 गोरा चोरा से चुलमाटी लेकर आदियोगी मंदिर तक शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भजन-कीर्तन और धार्मिक उल्लास के साथ शामिल होंगे।

महाशिवरात्रि पर मुख्य आयोजन 15 फरवरी को होगा, जब शाम 6 बजे सिद्धेश्वर शिव मंदिर के पास से भोले बाबा की भव्य बारात निकलेगी। बारात में भव्य आतिशबाजी, बैंड-बाजा, पारंपरिक धूमाल दल (भिलाई) तथा ओडिशा के विशेष वाद्य यंत्रों की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी। साथ ही झांकियां, दुलदुली बाजा और विभिन्न धार्मिक दृश्य श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराएंगे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगा शिव-पार्वती विवाह, जिसे इस बार म्यूजिकल फेरों एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया जाएगा। शिव-पार्वती की भूमिका में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के सुपुत्र सुमित अग्रवाल एवं सोनिया अग्रवाल नजर आएंगे, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होंगे।

दोनों दिनों श्रद्धालुओं के लिए महाशिवरात्रि पर विशाल महाभंडारा भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों भक्तों के शामिल होने की संभावना है। समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को भी सशक्त रूप से प्रदर्शित करता है।




