पिथौरा(जीतयादव)। जिले में एक बार फिर प्रेमी युगल की आत्महत्या का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। इससे पहले भंवरपुर थाना क्षेत्र के मुड़ीडीह गांव में तालाब किनारे इमली के पेड़ पर प्रेमी युगल के फांसी पर लटके शव मिलने की घटना सामने आई थी। अब इसी तरह की एक और घटना पिथौरा थाना क्षेत्र में सामने आई है।
मुराई धोवा नाला के पास पलसा पेड़ पर युवक-युवती ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी।
मिली जानकारी के अनुसार पिथौरा थाना अंतर्गत मुराई धोवा नाला के पास एक पलसा पेड़ पर युवक और युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह ग्रामीणों ने दोनों को पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मृतकों की पहचान लिलेश्वरी (16 वर्ष), निवासी थाना खल्लारी के धर्मपुरा गांव तथा धनेश्वर खड़िया (22 वर्ष) पिता रंजन खड़िया, निवासी ग्राम बनपचरी, थाना पटेवा के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही पिथौरा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई थी।फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और दोनों के पारिवारिक व अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।



