सरायपाली(जीतयादव)। पत्रकार कल्याण महासंघ छत्तीसगढ़ जिला इकाई महासमुंद की महत्वपूर्ण बैठक वरिष्ठ पत्रकार दिलीप गुप्ता के मुख्य आतिथ्य एवं प्रदेश अध्यक्ष सेवक दास दीवान की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले एवं संभाग के पत्रकारों की बड़ी उपस्थिति रही।
पत्रकार कल्याण महासंघ ने 29 अप्रैल को चौथे स्थापना दिवस मनाने पर बनी सहमति।
बैठक में पत्रकारों के हित संवर्धन, सुरक्षा, संगठन के विस्तार एवं मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान आगामी 29 अप्रैल को पत्रकार कल्याण महासंघ का चौथा स्थापना दिवस भव्य रूप से मनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। साथ ही इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किए जाने पर भी सहमति बनी।

बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार दिलीप गुप्ता ने कहा कि आज की पत्रकारिता पहले की तुलना में काफी बदल गई है। पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक एवं प्रमाणिक पत्रकारिता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकार का दायित्व समाज को सच दिखाना है, चाहे इसके रास्ते में कितनी भी कठिनाइयां क्यों न आएं।

प्रदेश अध्यक्ष सेवक दास दीवान ने संगठन के उद्देश्य और नीति सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकार कल्याण महासंघ पूरे प्रदेश में पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
बैठक का संचालन जिला महासचिव अभय धृतलहरे ने किया। इस दौरान मनोज गिरी गोस्वामी को जिला संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया। बैठक के पश्चात वरिष्ठ पत्रकार कल्याण महासंघ के दिलीप गुप्ता की धर्मपत्नी स्व. मीना गुप्ता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में प्रमुख रूप से राजूकीर्ति चौहान, प्रकाश पटेल, इस्माइल खान, सुनील बरेठ, गेंददास मानिकपुरी, देवराज साहू, देशराज दास, गेवेन्द्र काले, इब्राहिम कादरी, सोहेल अकरम, कुंजराम रात्रे, जीवन ध्रुव, फिरोज खान, गोवर्धन नंदे, दीपक जगत, जीत यादव, अशोक प्रधान, हेमंत ताण्डी, अनिल यादव, अशोक मनहर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।बैठक का समापन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ किया गया।



