महासमुंद(जीतयादव)। जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां JCB चोरी की शिकायत करने वाला ही व्यक्ति जांच में आरोपी निकला। खल्लारी थाना पुलिस ने जांच के बाद झूठी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
खल्लारी पुलिस की जांच में खुलासा, बीमा क्लेम के लिए खुद ही JCB बेचकर दर्ज कराई थी चोरी की रिपोर्ट।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोविंद धीवर (35 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 23 सुभाष नगर महासमुंद ने 31 मार्च 2026 को थाना खल्लारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी जेसीबी क्रमांक CG 04 L 3422 (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) को अज्ञात चोर ने तेलीबांधा स्थित दुलार फार्म हाउस के सामने से चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
![]()
जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान लिए, लेकिन पूछताछ में गोविंद धीवर बार-बार अपने बयान बदलता रहा। इससे पुलिस को उस पर संदेह हुआ। पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया।
आरोपी ने बताया कि उसने अपनी JCB का बीमा चोलामण्डलम बीमा कंपनी से कराया था और बीमा राशि पाने के लिए झूठी चोरी की योजना बनाई। उसने फरवरी 2026 में अपनी JCB को एजेंटों के माध्यम से करीब 3 लाख रुपये में वन्द्रकुमार चन्द्रा को बेच दिया था। इसके बाद चोरी का दिखावा करने के लिए अपने परिचित पुष्पेन्द्र चन्द्राकर से दूसरी जेसीबी किराये पर लेकर उसे तेलीबांधा में खड़ा कर दिया और बाद में खुद ही वहां से हटा दिया।

इसके बाद 31 मार्च को उसने JCB चोरी की झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। पुलिस ने मामले की सच्चाई सामने आने के बाद दोनों JCB वाहनों को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 217 और 248(A) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।



