महासमुंद(जीतयादव)।कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जन चौपाल के दौरान कुल 64 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, समाज कल्याण, पंचायत, कृषि, आवास, पेंशन, जाति प्रमाण पत्र, भरण-पोषण, ऋण, भूमि अतिक्रमण एवं धान विक्रय से संबंधित प्रकरण शामिल थे।
कलेक्टर श्री लंगेह ने सभी आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के साथ शीघ्र एवं समयबद्ध निराकरण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए और लंबित मामलों में अनावश्यक विलंब न हो।
जन चौपाल में 80 प्रतिशत दिव्यांग बलराम कुमार को मिला मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल,
जन चौपाल के दौरान ग्राम बोईरडीह, पिथौरा निवासी 80 प्रतिशत दिव्यांग श्री बलराम कुमार द्वारा मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल की मांग की गई। कलेक्टर श्री लंगेह ने इस आवेदन पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए समाज कल्याण विभाग को तत्काल निर्देश दिए, जिसके फलस्वरूप श्री बलराम कुमार को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। कलेक्टर के हाथों ट्राइसाइकिल प्राप्त कर बलराम कुमार ने खुशी जाहिर की और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

जन चौपाल में अन्य प्रमुख आवेदनों में—
ग्राम खट्टी, महासमुंद निवासी राम भरोसा साहू द्वारा पुत्रों से भरण-पोषण राशि दिलाने संबंधी आवेदन,
ग्राम फुलवारी के ग्रामीणों द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण संबंधी शिकायत,
ग्राम चारभांठा, बागबाहरा निवासी रत्नाकर मेहर द्वारा विकलांग पेंशन,
महासमुंद निवासी नेहा सोनवानी द्वारा जाति प्रमाण पत्र,
ग्राम अजगरखार, बसना निवासी चरण सिंह चौहान द्वारा ऋण संबंधी समस्या,
ग्राम खल्लारी, महासमुंद निवासी कांतिबाई यादव द्वारा कोरोना काल में हुई मृत्यु के मुआवजा भुगतान हेतु आवेदन शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त भौतिक सत्यापन, पट्टा नवीनीकरण, धान बेचने में आ रही समस्याएं, गिरदावरी, दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना, एग्रीस्टैक पंजीयन, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा लंबित भुगतान से जुड़े कई आवेदन भी प्राप्त हुए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री रवि कुमार साहू सहित जिले के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री लंगेह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन चौपाल में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का जवाबदेही के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हो।



