बसना(जीतयादव)।विकासखंड बसना अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला ललितपुर, संकुल केंद्र जमदरहा में प्रधान पाठक गफ्फार खान के नेतृत्व में 15वीं बार नेवता भोज का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पीएम पोषण योजना के अंतर्गत सामुदायिक सहभागिता का एक सराहनीय उदाहरण बना।
ललितपुर विद्यालय में नेवता भोज कार्यक्रम बनी सामुदायिक सहभागिता की मिसाल।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिजेंद्र कुर्रे (संकुल समन्वयक जमदरहा), अध्यक्ष नेहरूलाल साहू एवं अन्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात प्रधान पाठक गफ्फार खान द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा विद्यालय को 30 नग प्लेट भेंट किए गए।

आज के नेवता भोज का आयोजन रामेश्वरी चौहान (शाला प्रबंधन समिति सदस्य) द्वारा स्वेच्छा से आंशिक रूप से कराया गया। इस अवसर पर उनकी सास दशमोती, ससुर भागबतिया एवं पुत्री सुमन चौहान (कक्षा पांचवीं) उपस्थित रहीं। प्रधान पाठक द्वारा रामेश्वरी चौहान एवं उनके परिवार का स्वागत-अभिनंदन किया गया तथा सुमन चौहान को कलम भेंट कर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
नेवता भोज में बच्चों को केला, जलेबी, मिक्चर, बिस्किट, अमरूद, चॉकलेट, खजूर, बेर एवं नारियल वितरित किए गए, जिसे सभी बच्चों ने अत्यंत खुशी के साथ ग्रहण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान पाठक गफ्फार खान ने कहा कि नेवता भोज का आयोजन प्रति माह सामुदायिक सहयोग से लगातार किया जा रहा है, जो शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल है। शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष नेहरूलाल साहू ने कहा कि वनांचल क्षेत्र में इस प्रकार का आयोजन गर्व की बात है। मुख्य अतिथि डिजेंद्र कुर्रे ने भी 15वीं बार लगातार आयोजन को एक अनूठी मिसाल बताते हुए प्रधान पाठक की नेतृत्व क्षमता की सराहना की।
कार्यक्रम में खेमकुमारी साहू, भागबतीया, दसमोती कुमारी बाई, अंजली साहू, महेत्तरीन, बुधियारीन एवं आंगनबाड़ी सहायिका गायत्री सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
इस आयोजन पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर सिंह कंवर, बीआरसी अनिल सिंह साव, जमदरहा नोडल प्राचार्य उत्तर कुमार चौधरी, बसना संकुल समन्वयक संघ अध्यक्ष त्रिकान्त बाघ, बड़ेटेमरी संकुल समन्वयक वारिश कुमार एवं जमदरहा संकुल के शिक्षकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की।
अंत में प्रधान पाठक गफ्फार खान द्वारा सभी सहयोगियों, पालकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह कार्यक्रम न केवल बच्चों के लिए खुशी का अवसर बना, बल्कि सामुदायिक सहभागिता की एक प्रेरणादायी मिसाल भी प्रस्तुत कर गया।




