सरायपाली(जीतयादव)।अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में जिला स्तर पर शासकीय उच्च प्राथमिक शाला बानीगिरोला, संकुल बैदपाली, विकासखंड सरायपाली में अध्ययनरत कक्षा पांचवीं के छात्र सोनू बंछोर, पिता श्री मुरलीधर बंछोर ने जिला महासमुंद की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे विकासखंड सरायपाली को गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में मोमेंटो व प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित।
इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार, नैतिक मूल्यों एवं जीवन मूल्यों का विकास करना है। सोनू बंछोर ने कठिन परिश्रम, लगन और नियमित अध्ययन के बल पर यह मुकाम हासिल किया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि ग्रामीण अंचलों के छात्र भी प्रतिभा में किसी से कम नहीं हैं।

इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में सोनू बंछोर को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही कक्षा पांचवीं एवं आठवीं में अध्ययनरत अन्य छात्र-छात्राओं को भी प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिससे बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ।

सोनू की इस सफलता पर विद्यालय के नोडल प्राचार्य श्री बी.एस. भोई, समन्वयक श्री पाल सिंह बंजारे, प्रधान पाठक श्रीमती प्रतिभा चौधरी, शिक्षिका श्रीमती अमृता पटेल, श्रीमती ईश्वरी तिवारी, श्रीमती सीता पटेल, श्रीमती विजिता प्रधान, शिक्षक श्री दीपक मिश्रा, सहायक शिक्षक श्रीमती वर्षा नंद, श्रीमती कमला प्रधान एवं शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री नवीन पटेल सहित समस्त स्टाफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी। सभी ने सोनू के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।




