पिथौरा(जीतयादव)।भारतीय जनता युवा मोर्चा के तत्वावधान में पिथौरा में छात्रावास संपर्क अभियान के तहत पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में युवाओं को जागरूक करते हुए उनके सर्वांगीण विकास पर जोर दिया गया।
आदिवासी बालक छात्रावास में भाजयुमो नेताओं ने छात्रों को जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का दिया संदेश।
कार्यक्रम में मंडल प्रभारी एवं जिला मंत्री युवा मोर्चा कमलेश डडसेना और मंडल अध्यक्ष प्रियांशु दीक्षित ने छात्रावास के युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने, समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी समझने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को अपनी समस्याएं और शिकायतें समय पर सामने रखनी चाहिए, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा युवाओं के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर छात्र अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया। युवाओं ने भी अपने विचार साझा किए और कार्यक्रम को उपयोगी बताया। अंत में सभी छात्रों से जागरूक नागरिक बनकर देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।



