बसना(जीतयादव)।सुशासन सप्ताह 2025 के अंतर्गत विकासखण्ड स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन ग्राम धनापाली, विकासखण्ड बसना में सफलतापूर्वक किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुँचाना, किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना एवं कृषि नवाचारों को बढ़ावा देना रहा।

सुशासन सप्ताह समाधान शिविर में क्षेत्र के प्रगतिशील कृषक श्री संतकुमार पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए रागी (मंडुआ) की खेती को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि रागी कम लागत में अधिक लाभ देने वाली, पोषण से भरपूर एवं कम पानी में उगाई जाने वाली फसल है, जो बदलते जलवायु परिदृश्य में किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो सकती है।
शासन की योजनाओं की जानकारी और त्वरित समाधान के लिए लगा सुशासन सप्ताह शिविर
श्री पटेल ने रागी की खेती से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा करते हुए कहा कि यह फसल सूखा सहनशील है, मृदा की उर्वरता बनाए रखने में सहायक है तथा बाजार में इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने इसके पोषण मूल्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रागी में कैल्शियम, आयरन एवं फाइबर प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जिससे यह स्वास्थ्य की दृष्टि से भी अत्यंत उपयोगी फसल है।

सुशासन सप्ताह शिविर के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं, अनुदान, बीज वितरण एवं तकनीकी सहायता की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही किसानों की समस्याओं पर चर्चा कर उनके निराकरण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।ग्रामीणों एवं किसानों ने सुशासन सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस समाधान शिविर की सराहना करते हुए इसे कृषकों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
इस अवसर पर जनपद सभापति श्रीमती मधु खुंटे, जनपद उपाध्यक्ष श्री मोहित पटेल, सरपंच धनापाली श्रीमती शंकुतला भुनेश्वर पटेल, उपसरपंच श्रीमती गितेश्वरी पटेल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री हरिशंकर पैकंरा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आयुष ठाकुर, कृषि विभाग से वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीमती उषाकांति खेस्स, कृषि विकास अधिकारी श्री भारतसिंग राठिया, श्री रामगोपाल राम, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्रीमती हीमा पटेल, श्री अनिल पटेल, श्री हरिशंकर कैवर्त, श्री देवेन्द्र निषाद, श्रीमती मंजु रानी साहू, श्री मुरलीधर पटेल सहित अन्य विभागों के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



