सरायपाली। छुईपाली गांव में गैस सिलेंडरों से भरी पिकअप वाहन में हुए भीषण ब्लास्ट की घटना की सूचना मिलते ही सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद स्वयं घटनास्थल पर पहुंचीं और मौके का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और प्रशासन से तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था।

गैस सिलेंडर परिवहन में भारी लापरवाही, हादसे ने खोली पोल
घटनास्थल पर निरीक्षण के दौरान विधायक चातुरी नंद ने इस हादसे को सिर्फ दुर्घटना नहीं बल्कि शासन-प्रशासन की घोर और चिंताजनक लापरवाही का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों के परिवहन में सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। बिना जांच और नियमों के उल्लंघन के ऐसे वाहनों का संचालन आम नागरिकों की जान के साथ खिलवाड़ है।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र में नियमित निरीक्षण व्यवस्था पूरी तरह विफल नजर आ रही है। न तो परिवहन नियमों का पालन कराया जा रहा है और न ही संबंधित विभागों द्वारा समय-समय पर जांच की जा रही है। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं और भीषण रूप ले सकती हैं।
दोषियों पर कठोर कार्रवाई और मुआवजे की मांग
विधायक चातुरी नंद ने प्रशासन से इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों पर कठोर कार्रवाई करने की जोरदार मांग की। साथ ही गैस सिलेंडर परिवहन व्यवस्था की तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त दिशा-निर्देश लागू करने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा देने तथा उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने की मांग करते हुए कहा कि जनसुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




