महासमुंद(जीतयादव)। नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और महासमुंद थाना पुलिस ने 22 किलो गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जब्त गांजा की कीमत करीब 11 लाख रुपये बताई जा रही है।दोनों आरोपी उड़ीसा से गांजा लाकर महासमुंद में बिक्री करने की फिराक में थे।
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और महासमुंद पुलिस की कार्रवाई, 11 लाख रुपये का गांजा जब्त।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक बैग में गांजा लेकर नयापारा स्थित रेलवे स्टेशन छिपियापारा के पास एक झोपड़ी में ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों युवकों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम सत्यबान नायक (27) और बिकास बेहरा (18) निवासी देवाभूमि थाना आसका जिला गंजाम (उड़ीसा) बताया।

तलाशी के दौरान उनके बैग से 22 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गांजा अपने गांव आसका (उड़ीसा) से लाकर महासमुंद में अधिक कीमत पर बेचने के लिए लाए थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के साथ 2 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 11 लाख 11 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार पिछले तीन महीनों में जिले में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए अब तक 4358.320 किलो मादक पदार्थ (लगभग 43 क्विंटल 58 किलो) जब्त किया जा चुका है। इस दौरान कुल 173 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें छत्तीसगढ़ के 48 और अन्य राज्यों के 125 आरोपी शामिल हैं।



