रायपुर(जीतयादव)।रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 किलो 94 ग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 लाख रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक टोयोटा कार भी जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 32.67 लाख रुपये बताई जा रही है।
सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 50 किलो 94 ग्राम गांजा के साथ 2 लाख नकद भी जब्त।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजमाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) श्री उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाइन पुलिस की टीम द्वारा की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में एक कार में सवार दो युवक अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर वाहन की तलाशी ली, जिसमें अलग-अलग पैकेटों में गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश उर्फ ऋषि सरोज (28 वर्ष, निवासी धमतरी) और हिमांशु दामले (31 वर्ष, निवासी मोहला-मानपुर) के रूप में हुई।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 88/26 के तहत धारा 20(सी) और 29 नारकोटिक एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है और फॉरवर्ड-बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट द्वारा गांजा तस्करी के 12 मामलों में 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर 125 किलो से अधिक गांजा जब्त किया जा चुका है, जिससे यह साफ है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है।




