सरायपाली(जीतयादव)।जोगनीपाली में माता सावित्री बाई फूले समूह द्वारा आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जनसेवा की भावना से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर नेत्र परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन का लाभ प्राप्त किया।
माता सावित्री बाई फूले समूह की पहल, बुजुर्गों व महिलाओं ने बढ़-चढ़कर कराई निःशुल्क आंखों की जांच।
शिविर के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों की आंखों की जांच की गई तथा जरूरतमंदों को उचित सलाह दी गई। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अपनी आंखों की सेहत की जांच कराई। कई लोगों को आगे उपचार के लिए परामर्श दिया गया, वहीं सामान्य समस्याओं से संबंधित जानकारी भी प्रदान की गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना रहा। आयोजन में स्वयंसेवकों और सहयोगियों की सक्रिय भूमिका रही, जिनके सहयोग से शिविर सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर समूह की अध्यक्ष डॉ. अनिता चौधरी ने सभी चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और सहयोगी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज सेवा ही सच्ची सेवा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं और जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाने का माध्यम बनते हैं।
डॉ. अनिता चौधरी समाजसेविका होने के साथ-साथ विश्व मानव अधिकार सुरक्षा आयोग की राष्ट्रीय सदस्य, विश्व हिन्दू परिषद की जिला संयोजिका तथा अखिल भारतीय अघरिया समाज की आंचलिक संयोजिका भी हैं। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की अपेक्षा जताई।



