बसना।नगर पंचायत बसना में इन दिनों सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को सतर्क कर दिया है। वायरल वीडियो में एक युवक वार्ड क्रमांक 11, पदमपुर रोड स्थित मिनी जिम गार्डन के पास लगे “हमर बसना” लिखे शासकीय 3D बोर्ड पर विस्फोटक लगाकर धमाका करता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। ब्लास्ट इतना तेज था कि बोर्ड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
वीडियो में युवक का खतरनाक कृत्य साफ नजर आया
वीडियो में युवक जानबूझकर बोर्ड पर विस्फोटक जैसी सामग्री लगाता है और कुछ ही क्षणों बाद तेज धमाके के साथ बोर्ड टूटकर बिखर जाता है। घटना के बाद क्षेत्र के नागरिकों में दहशत और रोष पैदा हो गया है।युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, लेकिन वीडियो के आधार पर प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू हो चुकी है।
पार्षद मनोज गहेरवाल ने FIR की मांग की
वार्ड पार्षद मनोज गहेरवाल ने इस गंभीर घटना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को लिखित शिकायत भेजी।उन्होंने कहा—
“हमर बसना 3D बोर्ड को असामाजिक तत्वों द्वारा ब्लास्ट कर क्षतिग्रस्त किया गया है। यह कृत्य न केवल सरकारी संपत्ति को नुक़सान पहुँचाने वाला है बल्कि नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी प्रश्न उठाता है।”पार्षद ने मांग की कि आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की जाए और नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 315 के अनुसार क्षति की भरपाई आरोपी से करवाई जाए।
CMO सूरज सिदार बोले—गंभीर मामला, FIR के लिए आवेदन भेजा
CMO सूरज सिदार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया—“वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। युवक की पहचान के प्रयास जारी हैं। यह गंभीर मामला है।”सबसे महत्वपूर्ण बात—CMO सूरज सिदार ने अब पुलिस विभाग को FIR दर्ज करने हेतु औपचारिक आवेदन भेज दिया है।उन्होंने कहा कि दोषी के खिलाफ विधिसम्मत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ी
घटना सामने आने के बाद नगरवासियों में आक्रोश है। लोग सोशल मीडिया पर इसे ‘‘अराजक तत्वों की खतरनाक हरकत’’ बताते हुए कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।नागरिकों का कहना है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाना गंभीर अपराध है, जिसके खिलाफ त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।
पुलिस कार्रवाई का इंतजार
हालांकि पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है, लेकिन CMO द्वारा FIR आवेदन भेजे जाने के बाद अब पुलिस की कार्रवाई और संदिग्ध युवक की तलाश तेज होने की संभावना है।प्रशासन का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान जल्द की जाएगी और उससे क्षति की भरपाई कराई जाएगी।





