बसना(जीतयादव)।क्षेत्र में बढ़ते अपराध को लेकर जिला पंचायत सदस्य और कांग्रेस नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि युवाओं में तेजी से बढ़ता नशा आज समाज के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है और यही अपराधों की मुख्य वजह बनता जा रहा है। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण अपराध दिन दूनी और रात चौगुनी गति से बढ़ रहे हैं।
मोक्ष कुमार प्रधान ने बढ़ते अपराध पर जताई चिंता, नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में शांति और भाईचारे का माहौल रहता था, लेकिन अब छोटी-छोटी बातों पर गंभीर अपराध जैसे मारपीट, हत्या और विवाद की घटनाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में बसना थाना क्षेत्र के इंदरपुर (मालिडीह) और सांकरा थाना क्षेत्र के बड़े टेमरी में हुई हत्या की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन मामलों में भी नशा एक बड़ा कारण बनकर सामने आया है। यह स्थिति समाज के लिए बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि आज का युवा वर्ग तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रहा है। चाहे शराब हो या अन्य मादक पदार्थ, इनके सेवन से युवाओं की सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित हो रही है। नशे की हालत में कई बार युवा सही और गलत का अंतर भूलकर आवेश में आकर अपराध जैसे गंभीर कदम उठा लेते हैं, जिसका खामियाजा पूरे परिवार और समाज को भुगतना पड़ता है।

मोक्ष कुमार प्रधान ने यह भी कहा कि नशे का अवैध कारोबार लगातार बढ़ रहा है और कई असामाजिक तत्व युवाओं को इस दलदल में धकेल रहे हैं। उन्होंने प्रशासन और शासन से मांग की कि अवैध नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की जाए और दोषियों को सख्त सजा दी जाए, ताकि इस पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।



