बसना(जीतयादव)। अपराध रोकथाम एवं सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा लगातार विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस टीम जिले के अलग-अलग विद्यालयों एवं ग्रामीण अंचलों में पहुंचकर बच्चों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों को नशा मुक्ति, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक कर रही है।
जागरूकता अभियान कार्यक्रम में मोबाइल लत, महिला सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि यह परिवार और समाज के लिए भी घातक सिद्ध होता है। नशा धीरे-धीरे आदत बनकर अपराध की ओर ले जाता है, इसलिए इससे दूर रहना ही सबसे बड़ा बचाव है।

पुलिस ने बच्चों को मोबाइल की अधिक उपयोगिता से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि अत्यधिक स्क्रीन टाइम मानसिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, जिससे तनाव, चिड़चिड़ापन और एकाग्रता की कमी जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इसलिए बच्चों को मोबाइल का सीमित और सही उपयोग करने तथा स्क्रीन टाइम मैनेजमेंट का पालन करने की सलाह दी गई।

थाना सांकरा क्षेत्र अंतर्गत संत अन्ना स्कूल, सांकरा में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस द्वारा साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं यातायात नियमों के पालन संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और अनजान लिंक से होने वाले नुकसान के बारे में भी समझाया गया।

इसके साथ ही पुलिस ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता बताते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 पर संपर्क करें। बच्चों से संबंधित समस्याओं के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, नशीले पदार्थों की जानकारी देने हेतु मानस-1933 तथा साइबर अपराध से संबंधित शिकायत के लिए भी संबंधित हेल्पलाइन पर तुरंत कॉल करने की अपील की गई।
महासमुंद पुलिस का यह अभियान बच्चों को सही दिशा देने के साथ-साथ समाज को सुरक्षित, जागरूक और अपराध मुक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।




