बसना। क्षेत्र में बढ़ते खाद संकट को लेकर जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष केशव साव और वरिष्ठ कांग्रेसी महिपाल जटाल के साथ ग्रामीण सेवा सहकारी समिति अंकोरी, कायतपाली, चिमरकेल एवं बड़े ढाभा का निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने खाद की कमी को लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने रखीं।
खाद की कमी से परेशान किसानों ने उठाई आवाज, जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी।
किसानों ने बताया कि खरीफ फसलों की बुवाई का समय शुरू हो चुका है, लेकिन समितियों में जरूरत के अनुरूप डीएपी खाद उपलब्ध नहीं है। किसानों का आरोप है कि मांग के बावजूद उन्हें डीएपी के स्थान पर यूरिया और सुपर फॉस्फेट दिया जा रहा है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
निरीक्षण के दौरान मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि प्रदेश का अन्नदाता खाद के लिए भटकने को मजबूर है। किसान अग्रिम राशि जमा करने और ऋण लेने के बावजूद आवश्यक उर्वरक नहीं प्राप्त कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के शुरुआती दौर में डीएपी की अनुपलब्धता का सीधा असर कृषि उत्पादन पर पड़ सकता है।
उन्होंने सरकार से सभी सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में डीएपी, एनपीके और अन्य आवश्यक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि अव्यवस्थित वितरण व्यवस्था के कारण किसानों को घंटों समितियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और कई किसान खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।
मोक्ष कुमार प्रधान ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही खाद संकट का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज करना उचित नहीं है और समय रहते ठोस कदम उठाना आवश्यक है।


