महासमुंद(जीतयादव)। मुर्गी फार्म से मुर्गियों की चोरी के मामले में महासमुंद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मुर्गियां और घटना में प्रयुक्त साइकिल भी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार बसंत चन्द्राकर (56 वर्ष), निवासी पिटियाझर, ने 29 मार्च 2026 को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पतेरापाली नहर डायवर्सन के पास स्थित उनके मुर्गी फार्म से 35 मुर्गियां (कीमत करीब 3,500 रुपये) चोरी हो गई हैं। मुर्गी फार्म में लगे सीसीटीवी फुटेज देखने पर एक व्यक्ति मुर्गियां चोरी करते दिखाई दिया।
सीसीटीवी फुटेज से खुला मुर्गी चोरी का मामला,पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर बरामद की मुर्गियां।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 166/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पतासाजी के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी आनंद राय को उसके घर से पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी नोहर सिंह राजपूत के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के संयुक्त कब्जे से 16 मुर्गियां (कीमत 1,600 रुपये) और घटना में प्रयुक्त दो पुरानी हीरो साइकिल जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 3,600 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को 31 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अपने घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाएं, जिससे संपत्ति की सुरक्षा के साथ अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलती है।



