महासमुंद। जिले के शहीद वीर नारायण सिंह (कोडार) बांध में गुरुवार को एक व्यापारी की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 65 वर्षीय विजय चंद्राकर के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ बीज भंडार के संचालक और भाजपा की पूर्व पार्षद डागेश्वरी चंद्राकर के पति थे।गुरुवार सुबह कोडार डैम के पास एक लावारिस स्कूटी खड़ी मिली। स्थानीय ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना तुमगांव पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अनुभवी गोताखोरों की मदद से डैम में खोजबीन शुरू की गई।
कोडार डैम में मिला शव, BJP की पूर्व पार्षद के पति थे विजय चंद्राकर।
कुछ ही देर बाद पानी से एक शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान विजय चंद्राकर के रूप में की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
मौत का कारण स्पष्ट नहीं, जांच जारी
पुलिस को प्राथमिक जांच में आशंका है कि विजय चंद्राकर की मौत डूबने से हुई है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा।साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मृतक कोडार डैम किस उद्देश्य से गए थे और वहां क्या हुआ।
महासमुंद में शोक की लहर
विजय चंद्राकर महासमुंद नगर के जाने-माने व्यापारी माने जाते थे। उनकी अचानक मौत से व्यापारिक समुदाय और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी इसे बड़ी क्षति बताया है।






