महासमुंद(जीतयादव)।महासमुंद में भारतमाला परियोजना के वित्तीय लेनदेन को लेकर आयकर विभाग (I.D.) की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। शहर स्थित होंडा शोरूम के मालिक जसबीर सिंह बग्गा के मेघ बसंत कॉलोनी स्थित आवास पर आयकर विभाग की टीम द्वारा छापेमारी की कार्रवाई की गई, जो समाचार लिखे जाने तक जारी बताई जा रही है।

भारतमाला परियोजना से जुड़े होंडा शोरूम संचालक के आवास पर छापेमारी, दस्तावेज व बैंक खातों की गहन जांच जारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना के अंतर्गत हुए भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा वितरण से जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन को लेकर की जा रही है। सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की अलग-अलग टीमें न केवल जसबीर सिंह बग्गा से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही हैं, बल्कि उनके कथित सहयोगियों और भूमि अधिग्रहण से जुड़े कुछ जमीन मालिकों से भी पूछताछ की जा रही है।

छापेमारी के दौरान टीम द्वारा बैंक खातों, लेनदेन से जुड़े कागजात, संपत्ति संबंधी दस्तावेज एवं अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। आयकर विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि मुआवजा वितरण प्रक्रिया के दौरान कहीं कोई आर्थिक अनियमितता या आय से अधिक संपत्ति तो अर्जित नहीं की गई।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2017 में भारतमाला परियोजना की शुरुआत की गई थी, जिसके तहत रायपुर से विशाखापट्टनम तक राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण किया जाना है। इस परियोजना में भूमि अधिग्रहण एवं प्रभावित किसानों को मुआवजा भुगतान एक अहम प्रक्रिया रही है। इसी दौरान सामने आई कथित अनियमितताओं को लेकर अब आयकर विभाग की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल आयकर विभाग की टीम जांच में जुटी हुई है। कार्रवाई पूरी होने और आधिकारिक बयान जारी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।



