बसना(जीतयादव)। ग्राम पंचायत बाराडोली में 12 फरवरी से 16 फरवरी 2026 तक आयोजित टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन सोमवार को फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। मां श्यामा क्रिकेट क्लब बाराडोली के तत्वावधान में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 30 मैच खेले गए।
सेमीफाइनल और फाइनल का रोमांच
पहला सेमीफाइनल सिरसोभा और तिलाईपाली के बीच हुआ, जिसमें तिलाईपाली ने 61 रनों से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में तिलाईपाली के देव ने 89 रनों की शानदार पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता।दूसरा सेमीफाइनल बाराडोली और नूनपानी के बीच खेला गया।
फाइनल में शानदार जीत
फाइनल मुकाबला बाराडोली और तिलाईपाली के बीच खेला गया, जिसमें बाराडोली ने तिलाईपाली को 7 विकेट से हराकर प्रतियोगिता अपने नाम की। विजेता टीम को 5 फीट ऊंची ट्रॉफी और ₹22,222 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
पुरस्कार और सम्मान
मैन ऑफ द मैच (फाइनल): सुनील कंवर (51 रन और 2 विकेट)
सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज: देव (तिलाईपाली) – 222 रन
मैन ऑफ द सीरीज: सुनील कंवर (146 रन और 10 विकेट)
सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: राहुल साहू – 11 विकेट
समापन समारोह रहा आकर्षण का केंद्र
अंतिम दिवस पर कृष्णा डीजे लिमगांव की धुन और छत्तीसगढ़ के चर्चित डांसिंग अंपायर बिट्टू रंगीला उर्फ श्रीकांत जायसवाल की शानदार अंपायरिंग लोगों के लिए खास आकर्षण रही।
आयोजकों का योगदान
मां श्यामा क्रिकेट क्लब बाराडोली के सदस्यों और ग्राम पंचायत के सहयोग से यह आयोजन सफल हुआ। क्लब के संरक्षक ऋषि प्रधान ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता की बात कही।
ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतिभाओं को मंच देने वाला यह टूर्नामेंट बाराडोली के लिए यादगार बन गया, जहां खेल के साथ-साथ उत्सव और एकता की भावना भी देखने को मिली।




