बसना। पिरदा में आयोजित भव्य अष्टप्रहरी नाम संकीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया। भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।
पिरदा अष्टप्रहरी नाम संकीर्तन में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना, धार्मिक आयोजनों को सामाजिक एकता का आधार बताया।
इस अवसर पर बसना विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की। कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्होंने आयोजन की सराहना भी की।
अपने संबोधन में मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि अष्टप्रहरी नाम संकीर्तन जैसे आयोजन लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं तथा समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम हमारी सनातन संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का माध्यम हैं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी उनका आत्मीय स्वागत किया।
पिरदा के अष्टप्रहरी नाम संकीर्तन आयोजन में भजन-कीर्तन, पूजा-पाठ और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समापन महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सफलता की कामना की।


