महासमुंद(जीतयादव)।जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार शिकंजा कस रही ANTF एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 किलोग्राम गांजा के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 5 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
ANTF व सिंघोड़ा पुलिस ने एनएच-53 पर नाकाबंदी कर पकड़े गए अंतरराज्यीय गांजा तस्कर।
ANTF व थाना सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सिल्वर कलर की बोलेरो वाहन क्रमांक CG 10 FA 5434 में ग्राम पुटका से अवैध गांजा लेकर सरायपाली की ओर तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-53 रोड, ग्राम पुटका चौक पर नाकाबंदी की। कुछ ही देर में संदिग्ध बोलेरो वाहन को रोका गया, जिसमें चार व्यक्ति सवार थे।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान उमेश भरत गोरे (देवगांव, पुणे), विशाल भाऊ साहेब मानधरे (औरंगाबाद, महाराष्ट्र), मो. हबीब (छोटे टेमरी, बसना, महासमुंद) तथा जेहरू कुलदीप (पुटका, सिंघोड़ा, महासमुंद) के रूप में हुई। वाहन की तलाशी लेने पर पीछे सीट में प्लास्टिक बोरी के अंदर 11 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसे पुटका से देवगांव (पुणे) ले जाया जा रहा था।
ANTF व थाना सिंघोड़ा पुलिस ने मौके से गांजा, परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, 4 मोबाइल फोन जब्त किए। कुल जप्त संपत्ति की कीमत लगभग 13 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है।

आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी (2)(सी) एवं 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर सभी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में गांजा तस्करी के नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय तस्करों को बड़ा झटका लगा है।




