सरायपाली(जीतयादव)।सरायपाली विकासखंड में “अंगना म शिक्षा” अंतर्गत प्रशिक्षण सह कार्यशाला एवं “पढ़ाई तिहार” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे एवं डीएमसी रेखराज शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ। वहीं विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल और बीआरसी देवानंद नायक के मार्गदर्शन में पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया गया।
सरायपाली में ‘अंगना म शिक्षा – पढ़ाई तिहार’ कार्यक्रम संपन्न, माताओं को दिया गया प्रशिक्षण।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद माताओं को “अंगना म शिक्षा” मेला सपोर्ट कार्ड वितरित किए गए और 1 से 9 तक के विभिन्न काउंटरों के माध्यम से बच्चों के शारीरिक, बौद्धिक, भाषा और गणितीय विकास से जुड़ी गतिविधियां कराई गईं। इसमें संतुलन बनाना, कूदना, रंग पहचान, गिनती, चित्र वाचन, लिखना-पढ़ना और खेल-खेल में सीखने के तरीके शामिल रहे।

कार्यशाला में घर-घर ओआरएस अभियान, हर घर ब्लैकबोर्ड, स्वच्छ यूनिफॉर्म मिशन और समर कैंप जैसी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान अनीता भोई और पदमा यादव को “स्मार्ट माता” के रूप में चयनित कर सम्मानित किया गया।मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिसमें प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित माताओं ने इसे उपयोगी बताते हुए घर पर बच्चों के साथ इन गतिविधियों को अपनाने का संकल्प लिया।




