बसना(जीतयादव)। राजस्व पखवाड़ा के तहत ग्राम सिरको में आयोजित सुशासन शिविर में ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। वर्षों से जिस भूमि पर लोग निवास कर रहे थे, अब उसी भूमि पर उनका कानूनी अधिकार सुनिश्चित करते हुए आबादी भूमि के पट्टों का वितरण किया गया।
सुशासन शिविर में ग्रामीणों को मिला जमीन का अधिकार, सिरको में आबादी पट्टों का वितरण।
शिविर में पटवारी सावित्री सेवई और सरपंच फगूलाल नेताम ने संयुक्त रूप से हितग्राहियों को भूस्वामित्व पट्टा प्रदान किया। इस दौरान ग्रामीणों को योजना की जानकारी भी दी गई और उन्हें बताया गया कि इस पहल से उन्हें भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

पट्टा प्राप्त करने वाले हितग्राहियों में नंदकुमार साव (पिता ईश्वर), इंद्रजीत (पिता करमु), फूलसांय (पिता जेठू), राजकुमार (पिता मायाराम) और भोला (पिता जगदीश) शामिल हैं। पट्टा मिलने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

सुशासन शिविर में अधिकारियों ने बताया कि भूस्वामित्व योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को उनकी आबादी भूमि पर अधिकार देना है, जिससे वे शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से उठा सकें और भूमि संबंधी विवादों से बचा जा सके।ग्रामीणों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब उन्हें अपने घर पर अधिकार मिलने से सुरक्षा और आत्मविश्वास दोनों मिला है।



