महासमुंद। आगामी धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वन विभाग के प्रशिक्षण हॉल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी और समिति प्रबंधक अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।
15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, 15 जनवरी 2027 तक चलेगी प्रक्रिया; प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदने के निर्देश।
कलेक्टर ने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से प्रारंभ होकर 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। राज्य शासन के निर्णय के अनुसार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने को कहा।

प्रशिक्षण के दौरान ‘टोकन तुहर ऐप’ के माध्यम से टोकन जारी करने की व्यवस्था की जानकारी भी दी गई। इसके तहत 2 एकड़ तक के किसानों को एक टोकन, 10 एकड़ तक के किसानों को दो टोकन और 10 एकड़ से अधिक रकबे वाले किसानों को तीन टोकन दिए जाएंगे।
कलेक्टर ने बताया कि पंजीयन प्रक्रिया में 70 प्रतिशत पंजीयन मोबाइल ऐप के माध्यम से और 30 प्रतिशत समिति के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने नोडल अधिकारियों को किसानों को पंजीयन एवं टोकन संबंधी प्रक्रिया की सही जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है, इसलिए इसमें पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी नोडल अधिकारी सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करें, ताकि किसानों को खरीदी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।


