बसना। शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में संकुल समन्वयक श्री सर्वेश कुमार सिंह ने आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, उपस्थिति और विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया।
विद्यालय गढ़पटनी में 69 दर्ज विद्यार्थियों में से 60 मिले उपस्थित, शिक्षण व्यवस्था, मध्यान्ह भोजन और बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता का लिया जायजा।
निरीक्षण के समय प्रधान पाठक सरविन्द सिदार सहित दो शिक्षक विद्यालय में उपस्थित पाए गए, जबकि शिक्षक लगन नाग आकस्मिक अवकाश पर थे। उपस्थित शिक्षकों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से VSK ऐप में अपनी उपस्थिति दर्ज की गई थी। विद्यालय में कुल 69 विद्यार्थी दर्ज हैं, जिनमें से निरीक्षण के दौरान 60 विद्यार्थी उपस्थित मिले।
समन्वयक ने कक्षाओं में जाकर बच्चों से बातचीत की और उनके सीखने के स्तर को समझा। निरीक्षण में समय-सारणी के अनुसार नियमित अध्यापन कार्य संचालित पाया गया। साथ ही शिक्षकों द्वारा प्रतिदिन शिक्षक डायरी का संधारण किए जाने की जानकारी भी ली गई।
गढ़पटनी विद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए ज्ञान अभिवृद्धि पंजी का संधारण किया जा रहा है। इसके माध्यम से कमजोर शैक्षणिक स्तर वाले बच्चों को चिन्हांकित कर उन्हें विशेष ध्यान और उपचारात्मक शिक्षण दिया जा रहा है, ताकि उनकी सीखने की क्षमता में सुधार हो सके।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय गढ़पटनी परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। समन्वयक ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन नियमित एवं सुचारु पाया गया।
इस अवसर पर प्रधान पाठक सरविन्द सिदार और शिक्षिका खीरवंती भोई ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। समन्वयक सर्वेश कुमार सिंह ने बच्चों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यालय की गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया।


