बसना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), मंडल सांकरा, खंड पिथौरा द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, सांकरा-जोंक में विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय सांकरा में हुआ आयोजन, स्वयंसेवकों ने अनुशासन, एकता और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश।
आयोजन में सेवानिवृत्त नायब सूबेदार संजय नायक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह जिला कार्यवाह रिंकू बैरागी ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के दौरान विजयादशमी पर्व के महत्व, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सामाजिक समरसता और संगठन की भूमिका पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज में एकता और आपसी सद्भाव बनाए रखने के साथ राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
इसके बाद आयोजित पथ संचलन में स्वयंसेवकों ने अनुशासित तरीके से सहभागिता की। पथ संचलन के माध्यम से एकता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के भाव को प्रदर्शित किया गया। आयोजन में स्वयंसेवकों का उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण तथा सेवा भावना के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर संघ के स्वयंसेवक बंधु एवं क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।


