पिथौरा। पिथौरा विकासखंड के ग्राम ढोढरकसा स्थित शासकीय हाईस्कूल में शिक्षकों की कमी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर ग्रामीणों और पालकों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि 9 शिक्षक पद स्वीकृत होने के बावजूद स्कूल में केवल एक शिक्षक के भरोसे पढ़ाई संचालित हो रही है, जिससे विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।
9 स्वीकृत पदों के बावजूद ढोढरकसा हाईस्कूल में एक शिक्षक के भरोसे स्कूल संचालन का आरोप, भगतदेवरी में आंदोलन की तैयारी।
शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पहले एसडीएम पिथौरा के माध्यम से महासमुंद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान के लिए समय दिया था। निर्धारित समय में शिक्षकों की व्यवस्था नहीं होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया।
अब ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर 30 सितंबर को भगतदेवरी स्थित NH-53 पर चक्काजाम करने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से विद्यालय में शिक्षकों की कमी बनी हुई है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। ऐसे में विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए आंदोलन करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि ढोढरकसा हाईस्कूल में आवश्यक संख्या में शिक्षकों की तत्काल पदस्थापना की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई नियमित और सुचारू रूप से संचालित हो सके।
30 सितंबर को प्रस्तावित चक्काजाम को लेकर अब प्रशासन और शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजर है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जा सकता है।


