पिथौरा। कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिथौरा में सेवानिवृत्ति एवं स्थानांतरण के अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से विदाई-सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याताओं एवं कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके योगदान और सेवाकाल की यादों को साझा किया गया।
सेवानिवृत्ति और स्थानांतरण पर कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिथौरा में विदाई-सह सम्मान समारोह, शिक्षकों और छात्राओं ने साझा कीं यादगार बातें।
समारोह में कला विभाग की वरिष्ठ व्याख्याता बीबियाना इक्का, भौतिकी के व्याख्याता गुणमनी साहू, जीवविज्ञान के व्याख्याता प्रकाश साहू तथा कर्मचारी पुष्पा मार्को और विनीता दीक्षित को विद्यालय के स्टाफ एवं छात्राओं की ओर से साल, श्रीफल, मोमेंटो और स्मरणीय उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति पिथौरा के उपाध्यक्ष डॉ. हंसराज निषाद, पूर्व अध्यक्ष ललती डडसेना एवं समन्वयक खगेश्वर डड़सेना ने भी विदाई ले रहे शिक्षक-कर्मचारियों को सम्मान पत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर भिथीडीह एवं चिखली हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य अमृत लाल पटेल और अब्दुल सईद खान तथा राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक नरेश कुमार नायक ने अपने संबोधन में विदाई ले रहे साथियों के साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा कीं। उन्होंने उनके योगदान की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को छात्राओं की विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने यादगार बना दिया। छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। विजय लक्ष्मी होता, विजय लक्ष्मी पटेल और वरिष्ठ व्याख्याता दिलीप साहू ने भी अपने प्रेरक विचार रखे। वहीं विद्यालय स्टाफ की सामूहिक गीत प्रस्तुति ने समारोह में भावनात्मक माहौल बना दिया। कवि हृदय व्याख्याता अमर सिंह पटेल ने अपनी रचना प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम का संचालन गोपेश कुमार डड़सेना ने प्रेरक प्रसंगों और शायरी के साथ किया। विजय सिन्हा एवं केशव निषाद ने आयोजन की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से संभाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य आशाराम बरिहा ने सभी विदाई ले रहे शिक्षक-कर्मचारियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने कर्तव्य पथ पर निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देते रहें। अंत में उन्होंने सभी अतिथियों, स्टाफ एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।


