पिरदा(जीतयादव)। नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर प्राथमिक शाला देवलगढ़ में शाला प्रवेशोत्सव उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान नवप्रवेशी बच्चों का गुलाल, पुष्पमाला एवं मिठाई देकर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों और अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।
प्राथमिक शाला देवलगढ़ में बच्चों को गुलाल, पुष्पमाला और मिठाई देकर किया अभिनंदन, नए सत्र में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद।
कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ना तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। प्रवेशोत्सव के दौरान बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन बनाए रखने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय परिवार ने नए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्राथमिक शाला देवलगढ़ शाला विकास समिति के अध्यक्ष हेतराम राठौर उपस्थित रहे। उनके साथ पंचराम परमार, जेलेंद्र महानंद, पंच प्रतिनिधि तेज कुमारी प्रधान, पंच राजेश प्रधान, ग्राम पटेल देवलाल राठौर, प्रधानपाठक छगन बनर्जी, नाग सर सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पालकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। वहीं विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि इस शैक्षणिक सत्र में विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि होगी और अधिक बच्चे शिक्षा से जुड़ेंगे।


